नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में रविवार को भाजपा के साथ ही आरएसएस और उसके वैचारिक संगठन मैदान में उतरे। जिला और महानगर क्षेत्र में 41 स्थानों पर कार्यक्रम करके जन जागरूकता अभियान चलाया गया। संदेश दिया गया कि विपक्ष की फैलाई अफवाह में फंसने की जरूरत नहीं है। नया कानून नागरिकता देने वाला है। किसी की नागरिकता नहीं छीनने वाली है।
भाजपा और आरएसएस विचार परिवार की तरफ से रविवार को पदयात्रा, हस्ताक्षर के जरिये वृहद अभियान चलाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की फोटोयुक्त पुस्तक मुस्लिम परिवारों को भी भेंट की गई। क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह की निगरानी में ही महानगर के 12 स्थानों पर जागरूकता अभियान को चलाया गया।
जिला इकाई में यह संख्या 29 स्थानों पर रही है। रुस्तमपुर सेक्टर में प्रदेश मंत्री कामेश्वर सिंह ने घर-घर जाकर कानून के बारे में जानकारी दी। गोरखपुर रेलवे और कचहरी बस स्टेशन पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के क्षेत्रीय अध्यक्ष रणजीत राय बड़े, महानगर अध्यक्ष पवन यादव की मौजूदगी में नए कानून की खासियत बताई गई।
महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस ने साजिश विवाद कराए हैं। सपा, बसपा नेता भी विवाद बढ़ाने का काम कर रहे हैं। इसका जवाब जनता जरूर देगी। इससे पहले घोष कंपनी चौराहे पर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। दीन दयाल नगर मंडल के अखिलेंदु श्रीवास्तव, रणविजय शाही, नम्रता श्रीवास्तव ने पत्रक भी वितरित किए।
ओरिएन मॉल मोहद्दीपुर में मालवीय नगर मंडल के प्रबल प्रताप शाही, अष्टभुजा श्रीवास्तव, सुधाकर यादव, मनोज अग्रहरी ने नागरिकता संशोधन कानून की खासियत गिनाई। एडी मॉल एवं सिटी मॉल में महिला मोर्चा की अमिता गुप्ता, अर्चना सिंह, रानी मिश्रा, नेहा चौधरी, श्वेता श्री, निहारिका त्रिपाठी, ऊषा चौहान, शीला चौहान, उर्मिला द्विवेदी, मेनका चौहान, सीमा सोनकर, ममता गुप्ता, ममता जायसवाल, कुमकुम सिंह और मीरा श्रीवास्तव ने महिलाओं को कानून की जानकारी दी। खोराबार, भौवापार और मिर्जापुर मंडल में भी सघन जन जागरूकता अभियान चलाया गया।