खजनी से जन अधिकार पार्टी के रमेश चंद ने पर्चा भरा है। चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र से बसपा के वीरेंद्र पांडेय, निर्दलीय प्रत्याशी अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू, सत्य बहुमत पार्टी के राहुल, निर्दलीय राधिका, आम आदमी पार्टी से अखिलेश, समाजवादी पार्टी से बृजेंद्र चंद्र लाल, निर्दलीय मनीष सिंह, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से जितेंद्र ने नामांकन किया है। पिपराइच सीट से बसपा प्रत्याशी दीपक कुमार अग्रवाल, निर्दलीय कुमार सत्यम अग्रवाल, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के डॉ. असीम कुमार सिंह, जन अधिकार पार्टी से नमीम शाही, भारतीय अपना समाज पार्टी से आशीष कुमार, निर्दलीय राज बहादुर ने नामांकन किया है। चिल्लूपार विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी विधायक विनय शंकर तिवारी ने दो सेट में पर्चा भरा है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से सोनिया शुक्ला, निर्दलीय अरविंद कुमार, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) से पूनम गुप्ता ने भी पर्चा दाखिल किया है।
नामांकन से पहले विपिन सिंह ने किया दर्शन-पूजन
गोरखपुर ग्रामीण से भाजपा विधायक विपिन सिंह ने नामांकन से पहले गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट जाकर प्रस्तावकों के साथ जाकर नामांकन पत्र दाखिल किया। विधायक ने कहा कि पांच वर्षों तक जनता के बीच रहे हैं। विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रहे हैं। विपक्ष के पास कोई एजेंडा नहीं है।
दो प्रत्याशियों के समर्थकों में झड़प
नामांकन के दौरान बृहस्पतिवार को टाउनहाल चौराहा पर पहुंचे चिल्लूपार से सपा प्रत्याशी विनय शंकर तिवारी एवं गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी विपिन सिंह के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। मगर, पहले से अलर्ट पुलिस ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को हटाकर मामला शांत कराया।