मेयर की दावेदारी के लिए स्क्रीनिंग कमेटी बन चुकी है। जिसमें चुनाव प्रभारी एवं वन मंत्री अरुण सक्सेना, सह प्रभारी राज्य सभा सदस्य बाबू राम निषाद, संयोजक चिरंजीव चौरसिया, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, क्षेत्रीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि शामिल हैं।
बढ़ती जा रही मेयर में दावेदारों की फेहरिस्त
मेयर चुनाव को लेकर भाजपा में दावेदारों की फेहरिस्त बढ़ती जा रही है। कुछ नए नाम आने से पार्टी में हलचल तेज हो गई है। सामान्य सीट होने के चलते कायस्थ समाज के लोगों से भी दावेदारी बढ़ गई है। क्षेत्रीय महामंत्री सत्येंद्र सिन्हा, पूर्व महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, पूर्व महामंत्री रवि श्रीवास्तव एडवोकेट, सीएम योगी आदित्यनाथ के सांसद रहने के दौरान उनके नगर प्रतिनिधि एवं हिंदू नेता विष्णु शंकर श्रीवास्तव सहित कायस्थ समाज के कई लोगों ने दावेदारी की है।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष व भाजपा नेता पुष्पदंत जैन ने भी टिकट मांगा है। एक पूर्व मेयर के बेटे ने भी दावेदारी की है, हालांकि उन्होंने अभी आवेदन नहीं दिया है। इसी प्रकार एक पूर्व मंत्री भी अपनी पत्नी को चुनाव लड़ाना चाहते हैं। पार्टी के कई बड़े नेताओं से उन्होंने मुलाकात की है। विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के प्रत्याशी की खुलकर मदद भी की थी।