सहारा इस्टेट परिसर स्थित भारत माता मंदिर का जीर्णोद्धार चंदे से मिली धनराशि से कराया जाएगा। सहारा इस्टेट आवासीय कल्याणकारी समिति ने चंदा वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब तक 35 हजार रुपये जमा हुए हैं। मंदिर के जीर्णोद्धार पर करीब सात लाख रुपये खर्च होने हैं। यह पूर्वांचल का एकलौता भारत माता का मंदिर है। सहारा कंपनी ने इसी तरह का मंदिर लखनऊ में भी बनवाया है।
सहारा इस्टेट परिसर स्थित भारत माता मंदिर करीब 16 वर्ष पहले बनवाया गया था। अब मंदिर जीर्ण-शीर्ण हालत में है। भारत माता की मूर्ति के ऊपर बनी छतरी लगभग टूट चुकी है। मूर्ति और साथ बने चार शेरों का पेंट उतर गया है । इससे भव्यता व सुंदरता खत्म हो गई है। सहारावासियों ने सहारा कंपनी के अफसरों से भारत माता मंदिर के जीर्णोद्धार की मांग रखी लेकिन सकारात्मक जवाब नहीं मिल सका।