बेलघाट इलाके के एसबीआई से रुपये निकालकर जा रहे रविंद्रनाथ दुबे से हुई 80 हजार रुपये की लूट का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के पास से पुलिस ने 17 हजार 130 रुपये, एक तमंचा व घटना के समय इस्तेमाल बाइक को बरामद कर लिया है। पुलिस ने बुधवार को आरोपित को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा है।
आरोपित की पहचान खजनी इलाके के सतुवाभार निवासी पहचान तोलाराम वर्मा के रूप में हुई। एसपी साउथ विपुल कुमार श्रीवास्तव प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि ब्रम्हसारी गांव निवासी रविन्द्रनाथ दुबे 20 जनवरी को एसबीआई बेलघाट से 80 हजार रुपये निकालकर घर आ रहे थे। कस्बे से 500 मीटर की दूरी पर एक लाल रंग की बाइक पर सवार बदमाश ने उनका बैग लूट लिया।
रविन्द्र की सूचना पर पुलिस ने लूट का केस दर्ज कर जांच शुरू की। 29 जनवरी को रविंद्र नाथ दुबे ने थाने पर आकर सूचना दी कि जिस व्यक्ति ने उनके साथ लूट की थी वह बेलघाट चौराहे पर बैंक के पास खड़ा है। उनकी सूचना पर पुलिस ने बैंक के पास पहुंचकर उस व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। आरोपित को गिरफ्तार करने वाली टीम में दरोगा कृष्ण कुमार सिंह, दरोगा मनीष त्रिपाठी, सिपाही अबरार खान, देवेंद्र सिंह और स्वाट टीम के प्रदीप, राकेश, इंद्रेश शामिल रहे।