थाना क्षेत्र के ग्राम शिवपुर कुर्मियान टोला निवासी अंकिता चौधरी (24) की शनिवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से कटकर मौत हो गई। शव मोतीराम अड्डा रेलवे लाइन पर धोबी घाट के सामने स्थित रेलवे पुल के पास मिला। मौके पर शव का सिर धड़ से अलग था। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पिता राजेश चौधरी ने बताया कि अंकिता छह बहनों में सबसे बड़ी थी। उसकी शादी 20 अप्रैल को गोरखपुर के पादरी बाजार में तय थी। शनिवार अपराह्न तीन बजे वह बिना बताए घर से निकली थी। इसके बाद उसकी ट्रेन से कटकर जान देने की बात सामने आई। सूचना पर फॉरेंसिक टीम संग मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी अनूप सिंह ने जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।