थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी से परेशान होकर फंदे से लटक कर जान दी थी। धमकी से परेशान युवती ने सुसाइड से एक दिन पहले आरोपी युवक के खिलाफ थाने में भी तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसकी जानकारी परिजनों ने दी।
परिजन पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार करने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। देर शाम पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, विदेश में काम करने वाले शख्स की पुत्री (22) चौरीचौरा स्थित एक कपड़े की दुकान में काम करती थी। आरोप था कि वहीं, भोपा बाजार निवासी एक युवक भी पहले उसी दुकान पर कार्यरत था। आरोप है कि युवक ने युवती का अश्लील वीडियो और फोटो बनाकर उसे लगातार ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया था।
वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। परिजनों ने बताया कि आरोपी युवक ने बेटी की तय शादी में भी बाधा डालने की कोशिश की। वह लगातार लड़की के होने वाले ससुराल पक्ष को फोन कर शादी न करने की धमकी दे रहा था।
इससे युवती काफी तनाव में थी और बदनामी के डर से गहरे अवसाद में चली गई थी। युवती ने बुधवार को आरोपी युवक समेत दो अन्य युवकों की शिकायत चौरीचौरा थाने में की थी। उसने पुलिस को बताया था कि वह लगातार धमकियों और मानसिक उत्पीड़न का शिकार हो रही है। बावजूद इसके समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।
बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे युवती ने अपने घर के कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदे से लटक गई। जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
प्रियंका के पिता विदेश (दुबई) में कार्यरत हैं, जबकि उसका भाई बंगलूरू से घटना की सूचना मिलने पर घर पहुंचा। इस घटना से परिवार पूरी तरह टूट गया है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, परिवार के अन्य लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।