- बिहार, गुवाहाटी, डिब्रूगढ़ से गोरखपुर, गोंडा, लखनऊ, दिल्ली जाने वाली 10 से ज्यादा ट्रेनों में मिलेगी सुविधा
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों को अब साफ-सुथरा बेडरोल (चादर, तकिए, तौलिया, कंबल) मिलेगा। इसके लिए ट्रेनों के प्रारंभिक और अंतिम स्टेशन पर बेडरोल लोड किए जाएंगे। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने 42 ट्रेनों में यह सुविधा शुरू करने की योजना बनाई है, इसमें पूर्वोत्तर रेलवे से होकर जाने वाली 10 से ज्यादा ट्रेनें शामिल हैं। ये ट्रेनें डिब्रूगढ़, गुवाहाटी, बिहार से चलकर गोरखपुर होकर गोंंडा, लखनऊ, दिल्ली, मुंबई जाने वाली हैं।
ट्रेनों में अभी प्रारंभिक स्टेशन से ही बेडरोल लोड किए जाते हैं और इन्हीं में से यात्रा पूरी कर लौटने वाली ट्रेन में बेडरोल दिया जाता है। एसी के यात्रियों की अक्सर गंदे बेड रोल मिलने की शिकायत रहती है। विशेषकर लंबी दूरी की ट्रेनों में ऐसी शिकायत अधिक होती हैं कि उन्हें इस्तेमाल किए गए कंबल, चादर दे दिए गए। लेकिन, अब रेलवे ने दोनों तरफ से बेडरोल स्टॉक में रखने की व्यवस्था शुरू की है। पहले चरण में नई सुविधा देशभर की 42 ट्रेनों में लागू होगी। इसमें गोरखपुर से होकर जाने वाली आसनसोल-गोंडा, गोंडा-आसनसोल एक्सप्रेस, लखनऊ-चंडीगढ़ व चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस, जयनगर-नई दिल्ली व नई दिल्ली-जयनगर एक्सप्रेस, बरौनी-लखनऊ व लखनऊ-बरौनी एक्सप्रेस, कटिहार-अमृतसर व अमृतसर-कटिहार आम्रपाली एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ व चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस, बांद्रा-बरौनी व बरौनी-बांद्रा अवध एक्सप्रेस शामिल है।