-दो पालियों में 17600 अभ्यर्थी परीक्षा में होंगे शामिल
-करीब 900 सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा बृहस्पतिवार को शहर के 44 केंद्रों पर होगी। दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा में 17600 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की निगरानी के लिए करीब 900 कैमरा लगाए गए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने का काम बुधवार की देर शाम तक पूरा कर लिया गया। इसके अलावा देवरिया और कुशीनगर में भी यह प्रवेश परीक्षा होगी।
राज्यस्तरीय संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा 2023 का आयोजन बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा किया जा रहा है। परीक्षा प्रथम पाली सुबह 9 से 12 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर में 2 से 5 बजे तक होगी। दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा के लिए विवि के कुलसचिव विश्वेशर प्रसाद को नोडल अधिकारी और शिक्षा शास्त्र विभाग के प्रो. उदय सिंह को नोडल समन्वयक बनाया गया है। कुलसचिव विश्वेश्वर प्रसाद ने बताया कि गोविवि के कला संकाय, वाणिज्य संकाय, दीक्षा भवन, शिक्षा शास्त्र, बीए एलएलबी संकाय, हिन्दी विभाग, गृह विज्ञान विभाग, इंजीनियरिंग संकाय, राजनीति शास्त्र विभाग और मजीठिया भवन में करीब 5000 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को सम्पन्न कराने के लिए 44 केंद्राध्यक्ष और 88 प्रेक्षक नियुक्त किए गए हैं। गोरखपुर के अलावा देवरिया और कुशीनगर जिले में भी बीएड की परीक्षा आयोजित की जा रही है। देवरिया में 19 केंद्रों पर 7500 और कुशीनगर में 16 केंद्रों पर 6270 परीक्षार्थी शामिल होंगे।