जिले की सभी तहसीलों में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें कुल 333 शिकायतें आईं, इसमें से सिर्फ 46 का निस्तारण हुआ। भानपुर में डीएम आशुतोष निरंजन की मौजूदगी में समस्याएं सुनीं गईं। यहां बिजली, विपणन और विकास विभाग से जुडे़ कई मामलों में शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर उन्होंने कड़ी फटकार भी लगाई और मामलों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण समय सीमा के भीतर करने का निर्देश दिया।
परसोहिया के किसान रामलौटन की शिकायत थी कि धान खरीद में लापरवाही की गई। डीएम ने शिकायत पर खाद्य विभाग के सोनहा क्रय केन्द्र प्रभारी को हिदायत दी। रामनगर ब्लॉक के असनहरी, नाथू बस्ती और शनिचरा गांव में शौचालय की रकम लाभार्थियों को नहीं मिली और निर्माण कार्य अधूरा रहने पर एडीओ पंचायत और बीडीओ को फटकारा। संबंधित ग्राम प्रधान और सचिव पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इस मौके पर कुल 139 मामले आए। इसमें से मौके पर मात्र 23 का ही निस्तारण हो सका। इस अवसर पर एएसपी पकंज कुमार, सीएमओ जेपी.त्रिपाठी सहित एसडीएम आशाराम वर्मा, तहसीलदार केशरी नंदन तिवारी, नायब तहसीलदार कृष्ण कुमार मिश्रा आदि मौजूद रहे।
सदर तहसील में एडीएम रमेश चंद्र की अध्यक्षता में लोगों की समस्याएं सुनी गईं। 59 लोगों ने प्रार्थनापत्र दिया। इसमें आठ लोगों की समस्याओं का ही समाधान हो सका। रुधौली में एसडीएम की मौजूदगी में लोगों की समस्याएं सुनी गईं। 43 शिकायतों में सिर्फ सात का समाधान मिला। इसी तरह हर्रैया में 92 मामलों में सिर्फ आठ का ही निस्तारण हो सका।