साउथ एशिया हैंडबॉल एसोसिएशन के सेक्रेटरी जनरल ने की घोषणा
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय में एक करोड़ रुपये की लागत से हैंडबॉल और बॉस्केटबॉल कोर्ट बनेगा। इसकी घोषणा विश्वविद्यालय द्वारा घोषित आइकॉन ऑफ गोरखपुर डॉ. आनंदेश्वर पांडेय ने की। डॉ. पांडेय साउथ एशिया हैंडबॉल एसोसिएशन एवं उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के सेक्रेटरी जनरल हैं।
अभी हाल में गोरखपुर विश्वविद्यालय के पुरातन छात्र एवं खेल प्रशासक डॉ आनंदेश्वर पांडेय को प्रथम अंतरराष्ट्रीय पुरातन छात्र सम्मेलन में विश्वविद्यालय ने 'आइकॉन ऑफ गोरखपुर' से सम्मानित किया है।
बुधवार को डॉ. पांडेय ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेश सिंह से मिलकर एक करोड़ की लागत से हैंडबॉल तथा बाॅस्केटबॉल कोर्ट के निर्माण की घोषणा की है। बताया कि यह कोर्ट उन्हें वर्ल्ड हैंडबॉल फेडरेशन से स्वीकृति हुआ है।
डॉ पांडेय 1974 में गोरखपुर विश्वविद्यालय से संबंधित यूपी कॉलेज एवं संत विनोबा महाविद्यालय के स्नातक छात्र रहे है। खेल प्रशासक के रूप में विभिन्न पदों के अलावा इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं।
कुलपति प्रो. राजेश सिंह ने कहा कि आइकॉन ऑफ गोरखपुर के शुरू करने के पीछे का उद्देश्य विश्वविद्यालय के विकास में पुरातन छात्रों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
दीनदयाल वार्षिक कोष-अर्पण की शुरुआत
गोरखपुर विश्वविद्यालय ने दीनदयाल वार्षिक कोष-अर्पण की शुरुआत की है। इस कोष में खास कर पुरातन छात्रों के सहयोग से वित्तीय संसाधन जुटाए जाने की योजना है। पुरातन छात्रों द्वारा किया गया अनुदान विश्वविद्यालय को उत्कृष्टता प्रदान करने के प्रयासों को सशक्त बनाएगा।