परिषदीय विद्यालयों से अनुपस्थित रहने और जूते-मोजे के वितरण समेत अन्य कार्य नहीं कराने पर बेसिक शिक्षा विभाग ने आठ शिक्षकों का वेतन रोक दिया है। वहीं विद्यालय में नामांकन के सापेक्ष बच्चों की उपस्थित कम मिलने पर दो प्रधानाध्यापकों को नोटिस दिया गया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से मंगलवार को पिपरौली विकास खंड के पांच प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय रावतपार में प्रधानाध्यापिका शशिबाला आर्या समेत शिक्षिका नम्रता श्रीवास्तव, नीतू आर्या विद्यालय से अनुपस्थित मिलीं। सभी का वेतन रोक दिया गया है। वहीं बच्चों की कम उपस्थिति मिलने पर प्रधानाध्यापिका को नोटिस जारी किया है।
प्राथमिक विद्यालय कुरमौल के निरीक्षण के दौरान बच्चे यूनिफार्म और जूता-मोजा पहने नहीं मिले। इस पर प्रधानाध्यापक सत्य प्रताप यादव को नोटिस दिया गया है। इसके बाद बीएसए पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुरमौल पहुंचे, जहां 60 नामांकन के सापेक्ष 30 बच्चे उपस्थित मिले। प्रभारी प्रधानाध्यापक पवन कुमार को नोटिस जारी किया गया। इसके बाद प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय भिलौरा के निरीक्षण में उर्मिला दुबे, शिक्षामित्र ज्योति पांडेय, सहायक अध्यापक सुमित्रा मौर्या का वेतन रोक दिया गया।