उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सपना है कि गोरखपुर का रामगढ़ ताल को भी लोग जुहू चौपाटी के रुप में जाने, लेकिन पर्यटकों को इसके बारें में बताने वाला कोई अधिकारी नहीं है। रेलवे स्टेशन स्थित पर्यटन सूचना केंद्र एक वर्ष से बंद पड़ा है। पर्यटन विभाग ने यहां कर्मचारियों की तैनाती ही नहीं की है। ऐसे में देश और विदेश से आने वाले पर्यटकों को, ट्रेन और पर्यटन स्थल के बारे में जानकारी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
रेलवे ने स्टेशन स्थित जनरल टिकट काउंटर घर के पास पर्यटन विभाग को एक काउंटर उपलब्ध कराया है। इसके बदले में पर्यटन विभाग एक निश्चित शुल्क जमा करता है। करीब एक वर्ष पहले पर्यटन केंद्र का सुंदरीकरण किया गया। तभी से इस केंद्र पर ताला लगा हुआ है। पर्यटन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि विभाग में कर्मचारियों की कमी है। इसलिए पर्यटन केंद्र नहीं खुल पा रहा है।
पर्यटकों की संख्या में जबरदस्त इजाफा
पिछले पांच साल के विदेशी पर्यटकों के आंकड़ों पर निगाह डालें तो 35 हजार 452 से बढ़कर 42 हजार से ज्यादा हो गई है। भारतीय पर्यटकों की जो संख्या 23 लाख 49 हजार 695 थी, वह 2019 में 30 लाख 51 हजार हो गई है।