लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का दावा है कि बांसगांव-खजनी मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। 33 करोड़ की लागत से हो रहे चौड़ीकरण का 70 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है।
भीटी रावत-बांसगांव-गोला मार्ग को स्टेट हाईवे घोषित किया गया है। इसे दो लेन का बनाया जा रहा है। ऐसे में सड़क की चौड़ाई भी बढ़ाई जा रही है। इसी कड़ी में बांसगांव-खजनी मार्ग का भी चौड़ीकरण हो रहा है। इसके लिए 17 किलोमीटर की स्वीकृति मिली है। एक साल पहले चौड़ीकरण का काम शुरू हुआ था।
करीब 14 किलोमीटर सड़क गिट्टी डालकर बराबर कर दी गई है। केवल तारकोल का काम रह गया है। इस सड़क पर वाहनों का संचालन हो रहा है। तीन किलोमीटर सड़क का काम बचा है। इसे मार्च तक पूरा करने का दावा किया जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) के सहायक अभियंता राजेश कुमार का कहना है कि बांसगांव-खजनी मार्ग पर 70 प्रतिशत काम हो गया है, लेकिन अभी तक 13 करोड़ रुपये ही मिले हैं। शेष पैसों की मांग की गई है।