बनारस में पीएम नरेंद्र मोदी को रेलवे के कार्यक्रम में ब्लैक पोटरी की कलाकृति देते रेल मंत्री अश
गोरखपुर। अब पूर्वोत्तर रेलवे के समारोह में स्वागत और सम्मान के दौरान स्मृति चिन्ह की जगह स्थानीय उत्पाद भेंट किए जाएंगे। मसलन, गोरखपुर के टेराकोटा के उत्पाद, बनारस की ब्लैक पोटरी और छपरा के बैंबो प्रोडक्ट दिए जाएंगे।
बनारस में पिछले दिनों वंदेभारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के लिए पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ब्लैक पोटरी की कलाकृति देकर स्वागत किया था। इसके बाद रेल प्रशासन ने अब तय किया है कि जहां भी आयोजन होगा वहां के स्थानीय उत्पाद की कलाकृति को ही उपहार स्वरूप भेंट किया जाएगा।
पूर्वोत्तर रेलवे में 75 स्टेशनों पर वन स्टेशन वन प्रोडक्ट के स्टॉल लगाए गए हैं। इसमें छपरा में बैंबो उत्पाद, आजमगढ़ और बनारस के ब्लैक पाटरी, काठगोदाम की लकड़ी के आइटम, बरेली के हैंडीक्राफ्ट, हल्द्वानी के जूट आइटम वाले स्टॉल हैं। ये सभी स्थानीय है। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने अब तय किया है कि स्थानीय उत्पादों के स्टॉल तो लग गए हैं लेकिन बढ़ावा देने के लिए अब रेलवे के कार्यक्रमों में बुके और स्मृति चिन्ह की जगह स्थानीय उत्पाद ही दिए जाएंगे। इसका सीधा फायदा कलाकारों को होगा।
स्थानीय उत्पादों को मंच प्रदान करने के लिए रेलवे की ओर से एक स्टेशन एक उत्पाद का स्टाल प्रमुख स्टेशनों पर लगाया गया है। इसी कड़ी में महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में स्मृति चिन्ह के रूप में इन उत्पादों के उपयोग से इनकी ब्रांडिंग भी हो रही है। जिसका लाभ स्थानीय कारीगरों को हो रहा है।
- पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ-एनईआर