गोरखपुर। सदर तहसील परिसर में शनिवार को लेखपाल संघ तहसील शाखा के बैनर तले लेखपालों ने धरना-प्रदर्शन किया। लेखपालों ने लंबित मांगों को लेकर सरकार और प्रशासन के रवैये पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। मांगे न माने जाने पर विधानसभा भवन घेरने की चेतावनी दी।
धरने के दौरान लेखपालों ने बताया कि पिछले नौ वर्षों से वे अपनी शैक्षणिक योग्यता और पदनाम परिवर्तन, प्रारंभिक वेतनमान उच्चीकरण, एसीपी विसंगति, मृतक आश्रितों की पेंशन समस्या, वाहन भत्ता, स्टेशनरी भत्ता और विशेष वेतन भत्ता में वृद्धि जैसी महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। इन मुद्दों पर कई बार सरकार और प्रशासन से वार्ता और पत्राचार हुआ, लेकिन अब तक ठोस कदम नहीं उठाया गया।