गोरखपुर। ट्रेनों के जरिये बिहार में शराब तस्करी के बलिया में हुए स्टिंग और खुलासे के बाद जीआरपी ने बिहार सीमा से सटे रेलवे स्टेशनों पर निगरानी और सघन कर दी है। एसपी जीआरपी लक्ष्मी निवास मिश्रा ने बताया कि बिहार सीमा से जुड़े रेलवे स्टेशनों पर विशेष अभियान चलाकर तस्करी पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ जीआरपी बलिया सविरत्न गौतम को जांच सौंपी गई है। जांच के दौरान अब तक एक महिला समेत चार संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर उनके नेटवर्क और गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसपी जीआरपी ने कहा कि ट्रेनों में चलने वाले संदिग्ध यात्रियों, सामान, पार्सल और बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनों पर विशेष नजर रखी जा रही है। सीमावर्ती स्टेशनों पर जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है, ताकि तस्करी के नेटवर्क को चिह्नित कर उस पर कार्रवाई की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी, रेलवे कर्मचारी या अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जीआरपी का उद्देश्य केवल शराब की खेप पकड़ना ही नहीं बल्कि पूरे तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करना है।