गोरखपुर। नार्मल तिराहा स्थित राजकीय मानसिक मंदित आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केंद्र से चार संवासियों के भागने के मामले में विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की रात ड्यूटी पर तैनात आउटसोर्स केयर गिवर वरुण राय को बर्खास्त कर दिया गया है। वहीं ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड अशोक कुमार यादव के खिलाफ कार्रवाई के लिए जिला कमांडेंट होमगार्ड को पत्र भेजा गया है।
31 अगस्त की रात आश्रय गृह से चार संवासी परिसर से निकल गए थे। एक सितंबर को नियमित गिनती के दौरान चार संवासियों की संख्या कम मिलने पर कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी तनुज त्रिपाठी ने ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में आउटसोर्स पर तैनात केयर गिवर वरुण राय की सेवाएं समाप्त कर दीं।
घटना के समय आश्रय गृह की सुरक्षा और संवासियों की निगरानी की जिम्मेदारी ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की थी। ऐसे में आउटसोर्स कर्मी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई।
होमगार्ड अशोक कुमार यादव के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का निर्णय जिला कमांडेंट होमगार्ड स्तर से किया जाएगा। इसके लिए जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी तनुज त्रिपाठी की ओर से पत्र भेजा गया है।