- विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर बीआरडी मेडिकल कॉलेज में निकली जागरूकता रैली
गोरखपुर। विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर सोमवार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में नेशनल वायरल हेपेटाइटिस कंट्रोल प्रोग्राम के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का आयोजन स्टेट रेफरेंस लैब (माइक्रोबायोलॉजी विभाग) और मॉडल ट्रीटमेंट सेंटर (मेडिसिन विभाग) की ओर से किया गया। प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
प्राचार्य ने कहा कि बीआरडी मेडिकल कॉलेज में हेपेटाइटिस की निशुल्क जांच, परामर्श और उपचार की समुचित सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने लोगों से समय पर जांच कराने, सुरक्षित जीवनशैली अपनाने, हेपेटाइटिस-बी का टीकाकरण कराने और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार लेने की अपील की।
माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अमरेश सिंह ने बताया कि अब तक 3709 हेपेटाइटिस-बी और 485 हेपेटाइटिस-सी मरीजों की आरटी-पीसीआर जांच की जा चुकी है। इनमें क्रमशः 2368 और 268 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। बताया कि रक्त नमूना संग्रह के लिए मेडिकल कॉलेज में कक्ष संख्या-30 निर्धारित किया गया है जबकि संक्रमित मरीजों का उपचार मेडिसिन विभाग के मॉडल ट्रीटमेंट सेंटर में किया जा रहा है। रैली में डॉ. राजेश राय, डॉ. बीएन शुक्ला, डॉ. सरिता, डॉ. बेचन प्रसाद समेत संकाय सदस्य, रेजिडेंट डॉक्टर, पैरामेडिकल और नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।