गोपवापार-भैदवां मार्ग पर पलटा ऑटो, चालक की मौत
बरहज से मगहरा रिजर्व सवारी छोड़कर वापस आ रहा था घर
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। क्षेत्र के गोपवापार-भैदवां मार्ग पर मंगलवार की रात एक ईंट भट्ठे के निकट ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें चालक दिनेश कुशवाहा (40) पुत्र स्व. गोरखनाथ की मौके पर ही मौत हो गई। वह बरहज से रिजर्व सवारी लेकर मगहरा गया था। जहां से वापस घर आ रहा था। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर सूचना परिजनों को दी।
मोहांव गांव निवासी स्व. गोरखनाथ कुशवाहा छह संतानों में दिनेश तीसरे नंबर का पुत्र था। परिजनों के अनुसार वह ऑटो चलाकर परिवार की आजीविका चलाता था। बीते मंगलवार देर शाम नगर से रिजर्व सवारी लेकर मगहरा चौराहे पर गया था। जहां से वह गोपवापार के रास्ते वापस घर आ रहा था। इसी बीच ईंट भट्ठे के समीप अचानक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें वह बुरी तरह चोटिल हो गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दिनेश की मौत की खबर मिलते ही पत्नी धर्मावती गश खाकर गिर पड़ीं। जबकि बड़ी पुत्री गुड़िया, ज्योति, जयसिंह दहाड़ें मारने लगे। सूचना पर एसआई डॉ. पिंटू यादव, ओपी सिंह और राजेश कुमार पहुंच गए। इस संबंध में इंस्पेक्टर अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सर्पदंश से किशोर की मौत
घांटी बाजार। भटनी थाना क्षेत्र के रायबारी गांव के टोला आजाद नगर निवासी द्वारिका गोड़ का छोटा बेटा दीपक गोड़ (16) सोमवार को अपने खेत से मवेशी के लिए चारा लाने गया था। खेत से अभी वह बाजरा काटना शुरू ही किया तभी उसमें बैठे सर्प ने डस लिया। जब इसकी सूचना परिवार के लोगों को मिली तो उसे गाजीपुर स्थित अमवा के सती माई के स्थान पर ले गए। जहां पूरे दिन रखने के बाद स्थिति में सुधार नहीं हुआ और उसकी मौत हो गई। घर लाकर परिवार के लोगों ने अन्तिम संस्कार कर दिया।