गोरखपुर कोतवाली इलाके में पर्स व बेल्ट के थोक व्यापारी के पिता से लूट की कोशिश करने के दो आरोपियों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने बुजुर्ग अबदुल्ला सिद्दीकी के चेहरे पर बोरा डालकर लूट की कोशिश की थी, लेकिन लोगों के जुटने पर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान तिवारीपुर के बख्तियार मोहल्ला निवासी राहिल अली उर्फ यासिर व जैनुल आबदीन उर्फ जैब के रूप में हुई है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रणधीर मिश्र के मुताबिक, कोतवाली इलाके के शाहमरूफ में अबदुल्ला सिद्दकी के बेटे की बेल्ट व पर्स की थोक दुकान है।
13 नवंबर की रात करीब 9 बजे अबदुल्ला दुकान की बिक्री का रुपया लेकर पैदल ही घर जा रहे थे। रास्ते में एक युवक ने उन्हें रोककर पता पूछा, वह पता बताने लगे तभी पीछे से तीन युवकों ने उन पर बोरा डाल दिया और रुपया छीनने का प्रयास करने लगे। अबदुल्ला ने शोर मचाया तो भीड़ जुटने लगी। जिसके बाद लुटेरे भाग गए।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि लूट का प्रयास करने वालों में तीन माह पूर्व उनकी दुकान पर काम करने वाला कर्मचारी जैन भी शामिल था। पूरी घटना आसपास के सीसीटीवी में भी कैद हुई थी। पुलिस ने अबदुल्ला की तहरीर पर कर्मचारी जैन व तीन अज्ञात पर केस दर्ज किया था। बृहस्पतिवार को पुलिस ने राहिल व जैनुल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।