सरदारनगर के रामपुर बुजुर्ग गांव का मामला, घर का ताला तोड़कर पुलिस ने बचाया
सरदारनगर (गोरखपुर)। एम्स थाना क्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग गांव में 16 वर्षीय किशोर सुमित सिंह ने पिता रामरतन सिंह और सौतेली मां खुशबू देवी पर उसकी हत्या की कोशिश करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। सोमवार की रात लगभग दो बजे हुई घटना की सूचना पड़ोसियों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची सोनबरसा चौकी पुलिस ने घर का ताला तोड़कर रस्सी से बंधे किशोर को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने किशोर की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
किशोर ने तहरीर में बताया कि उसके पिता की तीन शादियां हुई हैं। पहली पत्नी सरिता देवी की 12 साल पहले मृत्यु हो गई, जिससे सुमित और चार बेटियां हैं। दूसरी पत्नी रीना सिंह की तीन साल पहले मौत हो गई। सुमित का आरोप है कि पिता ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया था। वहीं, तीसरी पत्नी खुशबू को पिता दो साल पहले कुशीनगर से लाए और उसके साथ रहते हैं। खुशबू के पहले से दो बच्चे हैं।
सुमित ने आरोप लगाया कि पिता शराब की लत में दादा की जमीन और खेत बेच चुके हैं। जिस घर में वे रहते हैं, उसे भी बेचने के लिए एडवांस ले लिया है। विरोध करने पर पिता और सौतेली मां ने उसे पीटा और धमकी दी-यह मकान तुम्हारी बलि मांग रहा है। जाते समय दोनों ने कहा कि आज रात तुम्हें टांगी से काट देंगे।
किशोर ने बताया कि सोमवार रात करीब दो बजे दोनों आए और दरवाजा खोलकर उसे जमीन पर पटक दिया। पिता ने मुंह बंद कर गला दबाया और सौतेली मां टांगी लेकर काटने की कोशिश करने लगी। सुमित के शोर मचाने पर आरोपी बाहर से ताला लगाकर भाग निकले। सुमित के मुताबिक, पिता और सौतेली मां ने उसे कई बार जान से मारने की धमकी दी है। किशोर काफी डरा सहमा है।
इस संबंध में एम्स थाना प्रभारी चंद्र प्रकाश पांडेय ने बताया कि किशोर को घर से सुरक्षित बाहर निकाल कर प्राथमिक जांच शुरू कर दी गई है। तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।