स्टंप, बैट व रॉड से हमला कर गंभीर रूप से किया घायल, पांच नामजद व 10 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज
कोऑपरेटिव इंटर कॉलेज मैदान में पुरानी रंजिश में वारदात, पुलिस जांच में जुटी
पिपराइच। कोऑपरेटिव इंटर कॉलेज पिपराइच के खेल मैदान में शनिवार शाम क्रिकेट खेलने के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता और भाई को भी पीटकर घायल कर दिया गया। मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद व 10 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर पंचायत के चुंगी तिराहा निवासी आर्यन त्रिपाठी की तहरीर के अनुसार, उनका भाई शिवांश त्रिपाठी शनिवार की शाम खेल मैदान में क्रिकेट खेलने गया था। इसी दौरान वार्ड नंबर एक मुड़ेरी टोला निवासी राहुल कुमार, विजय राज, बादल कुमार, अभी कुमार, संगम कुमार तथा उनके साथ मौजूद अन्य लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने स्टंप, बैट, राॅड और धारदार हथियारों का प्रयोग किया, जिससे शिवांश गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना पर वह और उनके पिता प्रदीप कुमार त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिसमें गंभीर रूप से घायल होकर पिता बेहोश हो गए। घटना के बाद आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। आर्यन ने आरोप लगाया है कि आरोपी पक्ष गैंग बनाकर लोगों को डराने-धमकाने और वसूली भी करता है। थाना प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।