गोरखपुर। खगोल विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और वैज्ञानिक जागरूकता को बढ़ावा देने के प्रयासों के लिए गोरखपुर के खगोलविद अमर पाल सिंह को नेशनल कलाम यंग साइंटिस्ट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। गुजरात के अंकलेश्वर में 24 और 25 अक्तूबर को आयोजित छठवें भारतीय साइंस टेक्नो फेस्टिवल 2026 में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
अमर पाल सिंह को खगोल विज्ञान के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया। छठवें भारतीय साइंस टेक्नो फेस्टिवल का आयोजन रमन साइंस एंड टेक्नोलॉजी फाउंडेशन, एपीजे अब्दुल कलाम नेशनल काउंसिल ऑफ यंग साइंटिस्ट, नेशनल काउंसिल ऑफ टीचर्स साइंटिस्ट सहित अन्य संस्थाओं के सहयोग से किया गया।
अवार्ड मिलने पर अमर पाल सिंह ने कहा कि यह केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि उन सभी लोगों की उपलब्धि है, जो विज्ञान में विश्वास रखते हैं और समाज में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दे रहे हैं।
इस उपलब्धि पर डॉ. चंद्रमौली जोशी, प्रसिद्ध खगोलविज्ञानी डॉ. जेजे रावल, अनिल यादव, डॉ. दिलीप भट्ट, डॉ. एसी माथुर, डॉ. आलोक माथुर, डॉ. एसपी व्यास, इंजीनियर जयंत पी. जोशी, प्रो. हरिओम वत्स, प्रो. मुकेश कुमार, बृजेश यादव सहित कई लोगों ने बधाई दी।