बड़हलगंज। बड़हलगंज थाना क्षेत्र के कोइलीखाल गांव में रास्ते से जाने को लेकर हुए विवाद में मां-बेटी समेत परिवार के तीन लोगों से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
गांव की संध्या देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 अक्तूबर की शाम उनकी 18 वर्षीय बेटी निक्की को रास्ते से जाने से रोककर गुड्डी देवी, नन्हे, नीरज, महेंद्र और रवीना ने मारपीट की। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बेटे विशाल और विकास को भी पीटा गया। इससे दोनों के सिर में चोटें आईं। वहीं, निक्की के कंधे, चेहरे और नाक पर चोट लगी। संध्या देवी ने भी मारपीट में कूल्हे में अंदरूनी चोट लगने की बात कही है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि विपक्षी लोग जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। थाना प्रभारी अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि पांच आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।