गोरखपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीईएसएससी) की ओर से दूसरे दिन रविवार को भी शहर के विभिन्न केंद्रों पर सहायक आचार्य भर्ती की लिखित परीक्षा संपन्न हुई। रविवार को 49.78 प्रतिशत उपस्थित और 50.22 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए सुबह की पाली में 10 केंद्रों पर परीक्षा हुई। इसमें कुल पंजीकृत 4486 में से 2304 उपस्थित और 2182 अनुपस्थित रहे। इसी तरह दूसरी पाली की परीक्षा आठ केंद्रों पर संपन्न हुई। इसमें कुल पंजीकृत 3951 अभ्यर्थियों में से 1896 ने परीक्षा दी, जबकि 2055 ने परीक्षा छोड़ दी। यानी कुल पंजीकृत 8437 में से 4200 उपस्थित एवं 4237 अनुपस्थित रहे। दोनों दिन की परीक्षा में चारों पालियों में मिलाकर कुल 17800 अभ्यर्थी गोरखपुर के विभिन्न केंद्राें के लिए पंजीकृत थे। इनमें से 9030 उपस्थित और 8770 अनुपस्थित रहे।
परीक्षा की शुचिता के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ ही सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए थे। जिला प्रशासन का दावा है कि परीक्षा सकुशल संपन्न करा ली गई। किसी भी केंद्र से कोई शिकायत नहीं मिली। परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि पेपर अच्छा हुआ है। जिस तरह का पेपर आया था, उससे लग रहा है कि मेरिट हाई जाएगी।