गोरखपुर। रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से रामगढ़ताल में 12 से 16 मई तक आयोजित होने वाली अस्मिता राष्ट्रीय महिला रोइंग प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए रविवार से वाटर स्पोर्ट्स कॉम्लेक्स में विभिन्न राज्यों से महिला खिलाड़ियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
प्रतियोगिता में अंडर-15, अंडर-19 और ओपन वर्ग की स्पर्धाएं कराई जाएंगी। इसमें सिंगल स्कल, डबल स्कल, पेयर्स, कॉक्सलेस फोर्स समेत कई इवेंट शामिल किए गए हैं। प्रतियोगिता के दौरान 1000 मीटर की दूरी पर विभिन्न लेन में रेस आयोजित होंगी। खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए 12 मई से सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक ट्रैक खुला रहेगा। 13 मई को टीम मैनेजर्स मीटिंग, ड्रॉ और उद्घाटन समारोह होगा। 14 मई से हीट्स मुकाबले शुरू होंगे। 15 मई को रेपेचेज और सेमीफाइनल रेस कराई जाएंगी, जबकि 16 मई को फाइनल मुकाबलों के साथ पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा।
क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी आले हैदर ने बताया कि प्रतियोगिता से महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों और टीमों को आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। विभिन्न वर्गों में प्रथम से आठवें स्थान तक पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। प्रथम स्थान पर 1.55 लाख रुपये, द्वितीय को 1.45 लाख, तृतीय को 1.35 लाख रुपये के पुरस्कार के साथ ही अन्य स्थानों पर भी नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।