गोरखपुर। शहर में सुबह की सैर पर निकलने वालों से सुनसान जगह देखकर लूट करने वाले एक बदमाश को रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से सोने की एक चेन बरामद की गई है। पूछताछ में उसने एक और घटना को कबूल करते हुए बताया कि लूटी गई चेन को साथी ने पहन लिया है। दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
आरोपी के पास से पुलिस ने सोने की चेन के अलावा 16 सौ रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली है। आरोपी बाइक नंबर प्लेट बदलकर इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस अब कूटरचित दस्तावेज की मदद से जालसाजी करने की धारा भी बढ़ाएगी। पकड़े गए आरोपी की पहचान पिपराइच के जंगल धूसड़ रेतवहिया निवासी अनिल चौहान के रूप में हुई। वह वर्तमान में बशारतपुर में रहता है।
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी सुबह की सैर पर निकलने वालों को ही निशाना बनाते हैं। 26 जुलाई को शाहपुर के धरमपुर निवासी जयंत पांडेय ने केस दर्ज कराया था। वह सुबह 5.45 बजे सैर के लिए निकले थे। इस दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने आटा चक्की मोड़ पर गले से सोने की चेन लूट ली और आदित्यपुरी दुर्गा मंदिर के तरफ फरार हो गए थे। पुलिस ने केस दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान की और एक आरोपी को बौलिया कॉलोनी के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।