गोरखपुर। शादी-विवाह को देखते हुए कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की मांग बढ़ गई है। गैस एजेंसियों की ओर से 30 अप्रैल तक सिलिंडर के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं, जबकि 25 अप्रैल तक आवेदन करने वाले उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। रविवार को ही करीब 400 आवेदन जिला आपूर्ति विभाग को मिले।
आपूर्ति विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अभी तक 938 आवेदनों को संबंधित एजेंसियों को मार्क करके भेजा जा चुका है। छुट्टी होने के बाद भी रविवार को विभाग खुला रहा। वहां लोग अपने आवेदन लेकर आते रहे। सर्वाधिक आवेदन तहसीलों से आए, जिनको विभाग के लोग एजेसियों पर भेजने का काम करते रहे। लोग इस समय शादियों और अन्य आयोजनों के लिए अग्रिम बुकिंग के लिए आवेदन कर रहे है, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं कुछ लोग पहले से ही सिलिंडर का इंतजाम करने में जुटे हैं।
मोतीराम की रहने वाली सुमित्रा की बेटी की शादी 28 अप्रैल को है। गैस पाने के लिए आवेदन दिया है। हालांकि, उन्होंने अभी से ही कुछ सिलिंडर रिश्तेदारों से मंगा रखा है। ब्रह्मपुर की रहने वाली सुभावती की बेटी की शादी अगले महीने है। उनके बेटे शनि ने बताया कि विभाग में आवेदन दिया है लेकिन पहले से भी कुछ इंतजाम करना होगा।