गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय और संबद्ध कॉलेजों में शुक्रवार को स्नातक व परास्नातक सम सेमेस्टर (द्वितीय सेमेस्टर को छोड़कर) की परीक्षाएं शुक्रवार को शुरू हो गईं। सभी केंद्रों पर ऑनलाइन मॉनिटरिंग की गई। पहले दिन किसी भी केंद्र से शिकायत की खबर नहीं है।
पहले दिन विभिन्न पालियों में यूजी और पीजी के लगभग 15 से अधिक विषयों की परीक्षाएं आयोजित हुईं। परीक्षा को लेकर सभी केंद्रों पर व्यापक इंतजाम किए गए थे। विश्वविद्यालय केंद्र पर भी नजर रखी गई। पहले दिन परीक्षा के लिए विभिन्न केंद्रों पर 25,491 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। परीक्षा विभाग के मुताबिक, इनमें से लगभग 24 हजार छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए।
द्वितीय सेमेस्टर के छात्र 15 तक जमा करें परीक्षा शुल्क
स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा व सर्टिफिकेट कोर्स के द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों को परीक्षा शुल्क जमा करने की तिथि 15 अप्रैल तक विस्तारित कर दी गई है। द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं इस माह के तीसरे या चौथे हफ्ते से संभावित है। सत्र 2025-26 में छात्रों का प्रवेश विलंब से शुरू हुआ था। इस वजह से इनकी परीक्षाएं बाद में कराने का निर्णय लिया गया है।