युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के मकसद से शुरू किए गए रेलवे के स्टार्टअप के लिए इनोवेशन पोर्टल पर 21 जून से पोर्टल पर आवेदन किया जा सकता है। इस योजना के तहत रेलवे प्रशासन अधिकतम डेढ़ करोड़ तक एक प्रोजेक्ट पर निवेश करेगा।
इनोवेशन पोर्टल को प्रतिभाशाली युवाओं तक पहुंचाने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने मुख्यालय गोरखपुर में 21 जून को ही अपर महाप्रबंधक अशोक कुमार मिश्र की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की है। बैठक में रेलवे के अधिकारियों सहित भारतीय स्टार्टअप, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, एकल इनोवेटर, पार्टनरशिप फर्म और कंपनियों के प्रतिनिधि प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान इनोवेशन पोर्टल और रेल मंत्रालय के नवाचार नीति पर विस्तार से चर्चा होगी। रेलवे युवाओं को आमंत्रित भी करेगा।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार भारतीय रेलवे ने परिचालन चुनौतियों जैसे- हेडवे में सुधार, टैंक स्वच्छता, फ्रैक्चर रेल की पहचान आदि से निपटने के लिये स्टार्टअप एवं अन्य संस्थाओं की भागीदारी के माध्यम से नवाचार (इनोवेशन) नीति जारी की है। बैठक में नवाचार की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।