रामगढ़ताल किनारे, नया सवेरा के पास एक और पार्किंग बनकर तैयार हो गई है। दिग्विजयनाथ पार्क में बनी इस पार्किंग में एक साथ 175 गाड़ियां खड़ी की जा सकेंगी। पेंट से लाइन बनाकर गाड़ियों को पार्क करने के लिए अलग-अलग जगह सुनिश्चित कर दी गई है।
गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए), इसके संचालन के लिए सप्ताह भर के भीतर टेंडर निकाल देगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। अगले महीने तक पार्किंग शुरू हो जाएगी।
रामगढ़ताल, तेजी से पर्यटन का बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है। बड़ी संख्या में लोग रोजाना नया सवेरा पर पहुंचते हैं। जीडीए ने पहले से नया सवेरा के पास एक पार्किंग का निर्माण करा रखा है, मगर वह जगह अब छोटी पड़ जा रही है। बड़ी संख्या में गाड़ियां सड़कों पर खड़ी होती हैं, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। शनिवार और रविवार को भीड़ ज्यादा बढ़ जाने से दिक्कतें और बढ़ जाती हैं। ऐसे में नई पार्किंग के शुरू हो जाने से काफी राहत मिलेगी।
पार्किंग स्थल को पूरी तरह हरा-भरा बनाया जाएगा। जगह-जगह पौधे लगाने के लिए स्थान छोड़ा गया है और वहां छायादार पौधे लगाए जाएंगे। पार्किंग के प्रवेश द्वार पर भी पौधा रोपा गया है।
जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने कहा कि नया सवेरा के पास दिग्विजयनाथ पार्क में एक बड़ी पार्किंग बनकर तैयार हो गई है। जल्द ही इसका संचालन शुरू हो जाएगा। टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।