एम्स पुलिस ने जेल में बंद भू-माफिया कमलेश यादव और उसके एक साथी के खिलाफ जालसाजी का एक और केस दर्ज कर लिया। अब तक कमलेश के खिलाफ एम्स, चौरीचौरा, खोराबार में 16 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। एम्स थाने में अगस्त महीने में दर्ज होने वाला यह 9वां केस है। एम्स पुलिस कमलेश व एक महिला समेत उसके तीन सहयोगियों को जेल भिजवा चुकी है।
जानकारी के मुताबिक, कुशीनगर जिले के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के महुअवां खुर्द निवासी शकुंतला देवी ने दी तहरीर में लिखा है कि वर्ष 2021 में रुद्रापुर स्थित 1200 वर्गफीट जमीन का बैनामा कमलेश यादव से कराया था। इसके बदले चेक व नकदी सहित कुल 12.20 लाख भुगतान दिया, लेकिन मकान बनवाने गया तो पता चला जमीन गाटा संख्या 120 में है, जो मोहद्दीपुर निवासी अभिनव सिंह को बेचा गया था।
इसे भी पढ़ें: विकास की अधूरी खुशी: राप्ती रिवर फ्रंट का लाल पत्थरों से बनने थे घाट, योजना बनाकर भूल गए साहब
कहा गया कि मकान बनवाकर रहिए कोई परेशानी नहीं होगी। इसी बीच बगल की एक और जमीन दिखाकर कमलेश ने 3.50 लाख ले लिया। इस प्रकार कमलेश कुल 15.25 लाख ले चुका है और अब न तो जमीन रजिस्ट्री करवा रहा है न पैसे लौटा रहा है। शंकुतला की तहरीर पर एम्स पुलिस ने कमलेश व अभिनव सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।