- ट्रस्ट की जमीन बेचकर तीन महिलाओं से ठग लिए 29 लाख
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर।
दबंग कमलेश यादव, उसके साथी दीनानाथ समेत तीन लोगों पर जालसाजी का एक और केस दर्ज किया गया है। यह केस बिहार की एक महिला की तहरीर पर दर्ज किया गया है, जिसमें उसने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने फर्जी तरीके से उसे ट्रस्ट की जमीन बेच दी। एसएसपी के आदेश पर एम्स पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
बिहार के गोपालगंज की रहने वाली नीरा देवी की तहरीर के अनुसार, वह गोरखपुर में जमीन लेना चाहती थीं। इसी सिलसिले में बहरामपुर के रहनेवाले कमलेश यादव और दीनानाथ प्रजापति से उनकी मुलाकात हुई। उन्होंने उसे बहरामपुर में 8000 स्कवायर फीट का एक प्लाट दिखाया, जिसका सौदा 29 लाख में तय हुआ। साल 2016 में उन्होंने दो अन्य महिलाओं गोपालगंज की ही रहने वाली संध्या देवी और अजमतून नेशा के साथ मिलकर जमीन रजिस्ट्री करा ली। इसमें नीरा देवी नौ लाख साठ हजार, संध्या देवी पांच लाख, अजमतून नेशा पंद्रह लाख रुपये दिए। जमीन की रजिस्ट्री गोरखपुर के रुद्रपुर निवासी पृथ्वीनाथ ने की। बाद में पता चला कि यह जमीन ट्रस्ट की है। इस पर उन्होंने जालसाजी की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
कमलेश, ओमप्रकाश को भू-माफिया घोषित करने को फिर पत्र भेजेगी पुलिस
40 लोगों से अधिक लोगों को सीलिंग की जमीन बेचकर जालसाजी करने के आरोपी कमलेश यादव, ओमप्रकाश, चिलुआताल के बृजेश शाही को भू माफिया घोषित करने के लिए पुलिस फिर प्रशासन को पत्र भेजने की तैयारी में है। इन सभी की जालसाजी के कई मामले सामने आने के बाद पुलिस ने भू माफिया की सूची में शामिल करने के लिए प्रशासन को पत्र भेजा था, लेकिन कई महीने गुजर जाने के बाद भी लिखापढ़ी में ये जालसाज अभी भूमाफिया घोषित नहीं किए जा सके हैं। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि भू-माफिया घोषित करने के लिए फिर से पत्र भेजा जाएगा।