कुईं बाजार। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के भटपुरवा निवासी व्यापारी उदय नारायण पांडेय के घर चोरी के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को शनिवार को पठखौली से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चौकड़ी निवासी सर्वेश चौबे के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपी के पास से ड्रोन कैमरा सहित अन्य उपकरण और एक कलाई घड़ी बरामद की गई है।
इससे पहले इसी मामले में अमन दुबे और बृजेश वर्मा को चार दिन पूर्व गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया था। मामला जुलाई 2025 का है।भटपुरवा निवासी व्यापारी उदय नारायण पांडेय व्यवसाय के सिलसिले में अपने मकान में ताला बंद कर परिवार के साथ कोलकाता गए थे। इसी दौरान चोरों ने मकान का ताला तोड़कर नकदी सहित लगभग 30 लाख रुपये के गहने और अन्य कीमती सामान चुरा लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने कमरों में दूसरा ताला भी लगा दिया था, जिससे चोरी की तत्काल जानकारी नहीं हो सकी।
थानाध्यक्ष सिकरीगंज आशीष कुमार तिवारी ने बताया कि मामले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।