सोमवार रात गांव में बारिश होने के लिए कीर्तन-भजन का आयोजन किया गया था। तभी प्रधान को सूचना मिली कि ईंट भट्ठे पर तस्कर आए हैं। गांव के 15-20 लोगों के साथ प्रधान भट्ठे पर पहुंच गए और पुलिस को भी सूचना दिए। प्रधान ने ग्रामीणों की मदद से ईंट भट्ठे की घेराबंदी की तो पिकअप सवार ने एक ग्रामीण पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की।
ग्रामीण ने भाग कर जान बचाई, लेकिन उसकी साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। तस्करों ने ग्रामीणों पर पथराव भी किया। इसके बाद पिकअप सवार तस्कर फरार हो गए। तभी एक चार पहिया में बैठकर तीन लोग भागने की कोशिश किए, जिन पर गांव वालों ने पथराव कर दिया। अपने को घिरा देख तस्कर चार पहिया वाहन कुछ दूरी पर छोड़कर भागने में सफल हो गए।
पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया और वहीं पर दुकान चलाने वाले रामजन को हिरासत में लेकर थाने लाई। पूछताछ में पूरा मामला खुलकर सामने आ गया है। एसपी नार्थ मनोज कुमार अवस्थी ने बताया कि पुलिस टीमें लगी हैं, जल्द ही पूरे घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।