पशु तस्करों ने डाली थी गगहा ईंट भट्ठे पर डकैती!
गोरखपुर। गगहा इलाके में ईंट-भट्ठा पर मजदूरों को बंधक बनाकर डकैती और हैवानियत की घटना किसी गिरोहबंद बदमाश ने नहीं की थी, बल्कि लोकल बदमाशों ने ही घटना को अंजाम दिया था। बलिया और देवरिया पुलिस के हत्थे चढ़े बदमाश झंगहा, गगहा के निवासी ही बताए जा रहे हैं।
अभी पुलिस अफसर इस मामले में खुलकर कुछ भी बताने से बच रहे है लेकिन खबर है कि पकड़े गए बदमाश पशु तस्कर है। पशु तस्करी के दौरान ही ईंट भट्ठों पर मजदूरों को आसानी से निशाना बनाने की साजिश इनके मन में आ गई और यह घटना करने लगे। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की रात गगहा इलाके के ईंट भट्ठे पर बदमाशों ने धावा बोला था। यहां पर मजदूर परिवारों को बंधक बनाकर 76 हजार रुपये, 9 मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे।
इसके साथ ही बदमाशों ने दो किशोरियों के साथ छेड़खानी और अप्राकृतिक तरीके से हैवानियत भी की थी। पुलिस घटना के पर्दाफाश को लगी थी कि इसी बीच देवरिया में शुक्रवार को ईंट-भट्ठे पर इसी तरह की वारदात सामने आई है। खबर है कि इसके बाद बदमाश बलिया में वारदात करने को निकल पड़े थे कि देवरिया पुलिस और बलिया एसटीएफ ने बदमाशों को दबोच लिया है।
पुलिस तलाश रही थी बावरिया, निकले लोकल बदमाश
घटना के बाद अपराध के तरीके के हिसाब से पुलिस बावरिया, नट गिरोह पर आशंका जता रही थी लेकिन बलिया पुलिस के बदमाशों को दबोचने के बाद जो तथ्य सामने आए हैं, उसने पुलिस की अब तक की जांच को पलट दिया है।
पता चला है कि लोकल बदमाशों ने ही घटना को अंजाम दिया है। यह बात पहले दिन ही अमर उजाला ने साफ कर दी थी क्योंकि जिस जगह पर वारदात को अंजाम दिया गया था, वहां पर बिना स्थानीय आदमी के पहुंच पाना संभव नहीं था। दूसरे अपराध का तरीका भी गिरोहबंद बदमाशों के तरीके से मेल नहीं खा रहा था।
....
ईंट- भट्ठा मालिकों के साथ पुलिस ने बैठक की
गोरखपुर। गगहा, लार व बलिया आदि क्षेत्रों के ईंट-भट्ठों पर ताबड़तोड़ हो रही आपराधिक घटनाओं को देखते हुए बड़हलगंज कोतवाली पुलिस ने अपने इलाके के भट्ठा मालिकों के साथ बैठक कर विशेष सतर्कता अभियान चलाया है। ईंट-भट्ठों पर रात में पुलिस की बाकायदा पिकेट लगाई जा रही है। कोतवाल स्वयं गश्त कर निगरानी कर रहे हैं। बड़हलगंज क्षेत्र में करीब 17 भटटे हैं। सभी भट्ठा मालिकों से कोतवाल ने बात की है।
शुक्रवार की देर शाम कोतवाली में हुई भटटा मालिकों की बैठक में कोतवाल राणा देवेंद्र प्रताप सिंह आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि घटनाओं को देखते हुए विशेष सतर्कता की जरूरत है। भट्टे पर सीसीटीवी, लाइट व सुरक्षा गार्ड रखने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस भी अपने तरफ से नजर बनाए हुए है। इस दौरान विजय यादव, योगेंद्र यादव, भगवती यादव, रणधीर यादव, राजू दूबे, कुबेर दूबे, योगेंद्र यादव, राहुल आदि भट्ठा मालिक मौजूद रहे।