गोरखपुर जिले में हरपुर बदुहट इलाके के बैकुईकोल गांव में शराब पीने से मना करने पर युवक ने सब्बल (लोहे की रॉड) से हमला कर मां-बाप के हाथ तोड़ दिए। दूसरे बेटे ने दोनों को शहर के नर्सिंग होम में भर्ती कराया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी घर छोड़कर फरार है।
जानकारी के मुताबिक, बैकुईकोल गांव निवासी रामकिशोर पत्नी बसंती देवी और दो बेटों रमेश यादव और उमेश यादव के परिवार के साथ रहते हैं। आरोप है कि उमेश यादव आए दिन घर में नशे के हाल में मारपीट करता रहता है।
इसे भी पढ़ें: कलयुगी शिक्षक का कारनामा: फार्म भरवाने के बहाने छात्रा के आधार कार्ड से बनवा लिया निकाहनामा, तुड़वा दी शादी
शनिवार की रात में भी वह घर में आकर गाली गलौज करने लगा। इस पर पिता ने शराब कम पीने और गाली न देने की बात कही। इसी बात से नाराज होकर उमेश ने सब्बल से पिता पर हमला कर दिया। बचाव में आई मां पर भी हमला कर दिया और फरार हो गया।
शोर सुनकर आसपास के लोग भी आ गए। बाद में आए बेटे रमेश ने घायल माता-पिता को शहर के नर्सिंग होम में भर्ती कराया। पुलिस ने रमेश की तहरीर पर केस दर्ज किया है।