गोरखपुर। राजघाट थाना क्षेत्र में लिफ्ट देकर कार सवार तीन लोगों ने एक व्यक्ति से लाखों रुपये के जेवर और नकदी उड़ा दी। मामला 20 दिसंबर 2025 का है। पीड़ित अपने बहनोई के जनाजे में शामिल होने जा रहा था। पहले उसने अपने स्तर से आरोपियों की खोजबीन की। कुछ पता नहीं चला तो अब उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
महराजगंज जिले के बड़हरा बरईपार, थाना श्यामदेउरवा निवासी गयासुद्दीन ने बृहस्पतिवार को राजघाट थाने में तहरीर देकर बताया कि 20 दिसंबर 2025 को वह घर से अपनी पत्नी के कुछ जेवर लेकर उन्हें गिरवी रखने के लिए निकला था। वह गोरखपुर के घंटाघर स्थित एक ज्वेलरी दुकान पर पहुंचा लेकिन वहां उसे गहनों के अपेक्षित दाम नहीं मिले। इसके बाद उसने अन्य जगहों पर भी कोशिश की लेकिन संतोषजनक रकम न मिलने पर वह जेवर वापस लेकर लौट आया।
इसी दौरान उसे सूचना मिली कि गगहा क्षेत्र के हाटा में उसके बहनोई का जनाजा है। वह वहां शामिल होने के लिए हार्बर्ट बंधा पहुंचा। वहीं कुछ लोग कार से उसके पास आए। कार में एक महिला बुर्का पहने बैठी थी और उसके साथ दो अन्य पुरुष भी मौजूद थे। गयासुद्दीन के मुताबिक, आरोपियों ने उससे पूछा कि उसे कहां जाना है। जब उसने हाटा जाने की बात कही तो उन्होंने खुद को उसी दिशा में जाने वाला बताते हुए उसे लिफ्ट देने की पेशकश की। कार में महिला को देखकर पीड़ित को भरोसा हो गया और वह उनके साथ बैठ गया।
पीड़ित ने बताया कि कार सवार उसे हार्बर्ट बंधा से राजघाट पुल तक छोड़ने आए। इसी दौरान रास्ते में किसी समय उन्होंने उसके बैग से सोने की माला, एक जोड़ी चूड़ियां, एक हार और करीब 15 हजार रुपये नकद निकाल लिए। राजघाट पुल के पास उतरने के बाद वह जनाजे में शामिल होने चला गया। कुछ देर बाद जब उसने बैग चेक किया तो जेवर और नकदी गायब मिले। पहले उसने आरोपियों की आसपास तलाश की। घर जाने के बाद भी जानकारी जुटाने की कोशिश की लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला। थक-हारकर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
राजघाट थाना प्रभारी पंकज गुप्ता ने बताया कि मामले में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश की जा रही है।