रेलवे स्टेशन पर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड देने से इन्कार पर आरोपियों ने युवक को बेरहमी से पीटा और उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया। कैंट थाना पुलिस ने मामले में दो नामजद पीयूष और रितिक समेत नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
महाराजगंज के श्यामदेउरवां पुरैना गांव निवासी पीड़ित शिवम पांडेय जगन्नाथपुर इलाके में किराए पर रहते हैं। शिवम ने पुलिस को बताया कि पिछले वर्ष उनकी मुलाकात बिछिया निवासी पीयूष और रितिक जायसवाल से हुई थी। आरोप है कि जान-पहचान बढ़ने के बाद दोनों युवक रुपये का लालच देकर बैंक खाते की डिटेल, पासबुक और एटीएम कार्ड मांगने लगे।