झंगहा के महुवरकोल में मारपीट का मामला
-आरोपियों पर दंगा, तोड़फोड़, धमकी सहित कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
ब्रह्मपुर/ झंगहा। झंगहा थाना क्षेत्र के महुवरकोल में रविवार शाम हुए बवाल और मारपीट के मामले में पुलिस ने नौ नामजद व 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों पर दंगा, मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई है। मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान किया है।
रमाशंकर गुप्ता की तहरीर के अनुसार, उनका बेटा विकास अपने साथियों प्रदीप यादव, अर्जुन साहनी और किशन यादव के साथ बाइक से गांव की ओर जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में मेराज, घूरे, डायमंड, अरमान, सलमान, सरफराज, दिलशाद, कमरान और तबौल समेत अन्य लोगों ने बाइक रोक ली और आगे जाने से मना कर दिया। विरोध पर गाली-गलौज शुरू हो गई और देखते ही देखते मारपीट होने लगी। हमले में विकास और उसके साथियों को चोटें आईं।
आरोप है कि हमलावरों ने दोनों बाइकों में तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं दूसरे पक्ष से नौशाद ने भी तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और तथ्य के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
पहले गांव में था भाईचारा, युवकों में टकराव की बढ़ी प्रवृत्ति
कुछ ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं ने आरोप लगाया कि हिंदू त्योहारों को लेकर दूसरे विशेष धर्म के कुछ युवक रंजिश रखते हैं और छोटी-छोटी बातों पर विवाद खड़ा कर देते हैं। उनका कहना है कि पहले गांव में आपसी भाईचारा था, लेकिन नई पीढ़ी के युवकों में टकराव की प्रवृत्ति बढ़ी है। कुछ महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनके गहने छीन लिए गए। पुलिस ने गांव में एहतियातन गश्त बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र ने बताया कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।