यूपी बोर्ड की कॉपियों की जांच में छात्र की ओर की गई भावुक अपील लिखी मिली
- मूल्यांकन के चौथे दिन पांच केंद्रों पर 82 हजार से अधिक कॉपियों की जांच हुई
गोरखपुर। जिले में यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटर की कॉपियों का मूल्यांकन कार्य छह केंद्रों पर चल रहा है। कॉपियों की जांच में परीक्षार्थियों की ओर से कुछ भावुक बातें भी लिखी मिल रही हैं। सोमवार को कॉपी के अंत में छात्र की ओर से लिखा मिला कि सर, पास कर देंगे तभी आगे की पढ़ाई पूरी हो पाएगी। हालांकि जिस छात्र ने यह भावुक अपील शिक्षक से की है, वह अपनी कॉपी में सभी प्रश्नों के उत्तर भी लिखा है और उसकी लिखावट भी अच्छी है।
इस संबंध में परीक्षकों का कहना है कि हर वर्ष ऐसी अपीलें मिलती हैं लेकिन मूल्यांकन पूरी निष्पक्षता से निर्धारित मानकों के अनुसार ही किया जाता है। मूल्यांकन के चौथे दिन जनपद के पांच मूल्यांकन केंद्रों पर कार्य सुचारु रूप से संपन्न हुआ। इस दौरान हाईस्कूल की 51,125 और इंटरमीडिएट की 31,315 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। कुल मिलाकर 82 हजार से अधिक कॉपियों की जांच एक दिन में पूरी की गई। उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए परिषद की ओर से 3,779 परीक्षक आवंटित किए गए हैं, जिनके सापेक्ष सोमवार को 2,504 परीक्षक उपस्थित रहे। सभी मूल्यांकन केंद्रों पर सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक एवं सह जिला विद्यालय निरीक्षक ने केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यह जानकारी कंट्रोल रूम प्रभारी किरण कुमार आरेतो ने दी।