बीआरडी मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में एक अक्तूबर को अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक लगने वाले शिविर में लोग स्वेच्छा से रक्तदान करेंगे।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार ने कहा कि रक्त की एक बूंद भी कृत्रिम रूप से बनाई नहीं जाती है। आवश्यकता पड़ने पर एक इंसान ही दूसरे इंसान को रक्त देकर जान बचाता है। इसलिए इस महादान में हर स्वस्थ व्यक्ति को योगदान करना चाहिए। जिला अस्पताल के एसआईसी डॉ. राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि अभी भी लोगों में यह भ्रांति है कि रक्तदान करने से कमजोरी आती है। जबकि सही बात यह है कि रक्तदान करने से पहले व्यक्ति के स्वास्थ्य की संपूर्ण जांच हो जाती है। रक्तदान करने से किसी प्रकार की कमजोरी नहीं होती।