गोरखपुर में लगेगा सबसे बड़ा दिव्यांग उपकरण वितरण शिविर।
- फोटो : अमर उजाला
अमर उजाला फाउंडेशन, नारायण सेवा संस्थान, उदयपुर (राजस्थान) और महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के दिव्यांग उपकरण वितरण शिविर के लिए पंजीकरण कराने वाले पात्र दिव्यांगों की निशुल्क सर्जरी भी हो सकती है। नारायण सेवा संस्थान की तरफ से सर्जरी की व्यवस्था कराई जाएगी।
संस्थान अब तक देशभर में चार लाख दिव्यांगों की सफल सर्जरी करा चुका है। 30 हजार से ज्यादा दिव्यांगों को कृत्रिम अंग दिए गए हैं। दिव्यांग उपकरण वितरण शिविर को सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आशीर्वाद और समर्थन दे चुके हैं।
महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज खेल मैदान आकर कराएं पंजीकरण
शिविर के पहले चरण के तहत महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के खेल मैदान में 30 सितंबर को कृत्रिम अंगों के लिए माप ली जाएगी। गोरखपुर-बस्ती मंडल के सात जिलों में जिन लोगों के हाथ या पैर कटे हैं, वे आकर अपने अंगों का माप दे सकते हैं। नारायण सेवा संस्थान उदयपुर की टीम अंगों की माप लेगी, फिर कृत्रिम अंग तैयार किए जाएंगे। इसी दौरान दिव्यांगता से जुड़े अन्य उपकरणों के लिए भी पंजीकरण होगा।
29 अक्तूबर को निशुल्क दिव्यांग उपकरण वितरण शिविर
दूसरे चरण में 29 अक्तूबर को महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज खेल मैदान में गोरखपुर-बस्ती मंडल का निशुल्क दिव्यांग उपकरण वितरण शिविर लगाया जाएगा। कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अरुण कुमार सिंह की देखरेख में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। शिविर के दौरान कृत्रिम अंगों के साथ ही ट्राई साइकिल, कैलिपर, कान की मशीन, नेत्रहीनों के लिए स्टिक, चश्मा सहित अन्य उपकरण वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम के माध्यम से गोरखपुर-बस्ती मंडल के दिव्यांगों को एक ही छत के नीचे सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
नारायण सेवा संस्थान उदयपुर ‘कोई न रहे अपाहिज, कोई न रहे लाचार’ का सपना साकार करेगा। इस मुहिम को सीएम योगी आदित्यनाथ का समर्थन मिला है। अमर उजाला फाउंडेशन व महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के साथ मिलकर शिविर को सफल बनाएंगे। - प्रशांत अग्रवाल, अध्यक्ष, नारायण सेवा संस्थान उदयपुर
पंजीकरण के लिए इन नंबरों पर कर सकते हैं संपर्क
: 6394153108, 8299660608, 9451457633