गोरखपुर। सरस्वती शिशु मंदिर में शनिवार को पूर्व छात्र परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय के विकास, पूर्व छात्रों को एक मंच पर जोड़ने व भविष्य की विभिन्न योजनाओं को लेकर मंथन किया गया। पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने के साथ देश-विदेश में रह रहे पूर्व छात्रों तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति तैयार की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए परिषद के अध्यक्ष डॉ. सृजन श्रीवास्तव ने कहा कि परिषद का उद्देश्य प्रत्येक बैच के पूर्व छात्रों से संपर्क स्थापित कर उन्हें आधिकारिक समूहों से जोड़ना है। परिषद के सहायक निखिल पांडेय ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया सबसे प्रभावी माध्यम है।
बैठक में विद्यालय परिसर में शिशु मंदिर के जन्मदाता कृष्ण चंद्र गांधी, भाऊराव देवरस और नानाजी देशमुख की प्रतिमाओं के अनावरण की योजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस परियोजना को पूर्व छात्रों के सहयोग से पूरा करने का निर्णय लिया गया व सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
पूर्व छात्र परिषद के प्रमुख एसएन कुशवाहा ने पूर्व छात्रों का परिचय कराया। प्रधानाचार्य डॉ. राजेश सिंह ने आभार व्यक्त किया। बैठक में संरक्षक लक्ष्मी नारायण मालवीय, महेश अग्रवाल, राजेश श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष दिव्यांश पटेल, कोषाध्यक्ष आस्था सिंह, सहमंत्री विकास पाठक, साक्षी सिंह आदि की मौजूदगी रही।