गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने आवासीय योजनाओं में बकाया जमा न होने पर 40 फ्लैटों का आवंटन निरस्त कर दिया है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि लंबे समय से नोटिस भेजे जाने और कई बार चेतावनी देने के बावजूद जिन आवंटियों ने भुगतान नहीं किया। उन्होंने न केवल नियमों की अवहेलना की है, बल्कि कई ने आवंटन रद्द होने के बाद भी फ्लैट खाली नहीं किए हैं। जीडीए ने 22 नवंबर तक फ्लैट खाली करने के निर्देश दिए हैं।
उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने चेतावनी दी है कि तय तारीख के बाद कब्जा हटाने के लिए पुलिस और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नियमों के पालन और योजनाओं की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कठोर कदम उठाना जरूरी हो गया है। प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह के अनुसार, जिन योजनाओं में आवंटन निरस्त हुए हैं उनमें राप्तीनगर आवासीय योजना, रेलवे स्टेशन योजना, सूर्य विहार, जनप्रिय विहार, लोहिया आवासीय योजना फेज-1 व फेज-2, यशोधरा कुंज और वसुंधरा कुंज शामिल हैं। ईडब्ल्यूएस, टू बीएचके और थ्री बीएचके के आवंटन रद्द किए गए हैं।
जीडीए ने संबंधित आवंटियों को डाक के माध्यम से नोटिस भेजने के साथ ही सूची अपनी वेबसाइट पर भी अपलोड कर दी है। प्राधिकरण ने साफ कर दिया है कि यदि जबरन कब्जा हटाना पड़ा तो उसका पूरा खर्च भी उन्हीं आवंटियों से वसूला जाएगा।