गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन के निर्देश पर शनिवार को अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के विरुद्ध अभियान चलाया गया। अभियान में 2.50 एकड़ भूमि कब्जे से मुक्त कराई गई।
मियां बाजार और जाफरा बाजार क्षेत्र में अहमदउल्लाह खान की ओर से किए गए अवैध निर्माण को सील कर दिया गया। इसके अलावा थाना चिलुआताल क्षेत्र के भगवानपुर खारा में मुन्नीलाल यादव और अन्य की ओर से एक एकड़ भूमि पर की गई अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। वहीं, हमीदुल्लाह करीमनगर में शमीम अहमद समेत अन्य की ओर से 1.50 एकड़ में की गई अवैध प्लॉटिंग पर भी कार्रवाई की गई। कुल 2.50 एकड़ भूमि को अवैध कब्जे और प्लॉटिंग से मुक्त कराया गया।