लॉकडाउन 4.0 के बीच लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मंगलवार से सभी सरकारी कार्यालयों में 50 प्रतिशत स्टाफ के साथ काम शुरू किया गया है। डाक विभाग ने बंद पड़ी अपनी सभी मेल सर्विस शुरु कर दी है।
हालांकि इस सेवा को डाक विभाग के वाहनों से पहुंचाया जा रहा है। 1 जून से रेल की सेवाएं शुरू होने के बाद उम्मीद है कि पार्सल रेल की सेवा से भेजा जाना शुरू हो जाएगा। रेलवे मेल सर्विस ( आरएमएस) की सेवा को भी शुरू कर दिया है। यहां भी अब बुकिंग सर्विस शुरू कर दी गई है।
प्रवर डाक अधीक्षक एसएन दुबे ने बताया कि मेल सेवा चालू होने से तमाम स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री और पार्सल आदि गोरखपुर से वाराणसी, इलाहाबाद समेत लखनऊ सड़क मार्गों से भेजना शुरू कर दिया गया है। आरएमनएस की बुकिंग को भी सड़क मार्ग से भी भेजा जाता है। पहले आरएमएस सर्विस रेल के माध्यम से भेजी जाती थी।
उन्होंने बताया की फ्लाइट की सेवा शुरू हो गई हैं। साथ ही 1 जून से ट्रेन की सेवाएं भी शुरू हो जाएंगी। इसके बाद मेल सेवाएं इनके माध्यम से भेजा जाना शुरू किया जाएगा। लॉकडाउन के बीच इस सुविधा से आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
इसके अलावा दूर दराज रहने वाले घर के अन्य शुभचिंतकों को स्पीड पोस्ट के माध्यम से घर से चीजें भी भेजी जा सकती हैं। इस सेवा को भी शुरू कर दिया गया है। वाया सड़क के माध्यम से एक जिले से दूसरे जिले तक इसे भेजना शुरू किया गया है।