सिद्धार्थनगर। जिले में हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 22 नवंबर को एयर रेड मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान चेतावनी के लिए सायरन बजने से लेकर ब्लैकआउट, सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने और राहत-बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा। इसके माध्यम से आपात स्थिति में विभिन्न विभागों की तत्परता और उनके बीच समन्वय की स्थिति परखी जाएगी।
बुधवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में मॉक ड्रिल की तैयारियों की विभागवार समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग की जिम्मेदारियों के अनुसार मानव संसाधन, उपकरण और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर लें। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित प्रोटोकॉल की जानकारी पहले से देने को कहा।
मॉक ड्रिल के दौरान एयर रेड की चेतावनी मिलने पर सूचना प्रसारण, संबंधित विभागों की सक्रियता, बिजली की लाइट बंद करने और नागरिकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का अभ्यास होगा। इसके अलावा राहत एवं बचाव व्यवस्था की तैयारियों को भी परखा जाएगा।
डीएम ने कहा कि मॉक ड्रिल को महज औपचारिकता न समझें, बल्कि वास्तविक आपात स्थिति मानकर पूरी गंभीरता से अभ्यास करें। सूचना का त्वरित आदान-प्रदान और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर सभी विभाग प्रभावी ढंग से अपनी जिम्मेदारी निभा सकें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक डॉ. ज्ञान प्रकाश, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।