- कैंट थाना क्षेत्र का मामला, रिंग रोड पर गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने टोका तो भड़के आरोपी
गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र में ताल रिंग रोड के किनारे खुले में शराब पीने से रोकने पर दो लोगों ने गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट कर दी। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी खुद को एयरफोर्स का कर्मचारी बता रहे थे। मारपीट में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 14 अगस्त की मध्यरात्रि रिंग रोड रामगढ़ताल के किनारे कुछ लोग खुले में शराब पी रहे थे। इसी दौरान वहां गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों की नजर उन पर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने सभी को खुले में शराब पीने से रोकते हुए वहां से जाने के लिए कहा। कुछ लोग मौके से चले गए लेकिन दो व्यक्ति पुलिसकर्मियों से उलझ गए। आरोपियों की पहचान जसराज निवासी बाबा भैया के पास बड़ा पाना खोड़, जिला गुरुग्राम, हरियाणा, हाल पता नंदानगर, थाना एम्स और रवि प्रकाश निवासी रेवाड़ी थाना व जिला रेवाड़ी, हरियाणा, हाल पता नंदानगर के रूप में हुई है।
पुलिस का आरोप है कि दोनों खुद को एयरफोर्स का कर्मचारी बताते हुए उग्र हो गए और ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों से मारपीट करने लगे। इस दौरान पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।